EMI में नहीं होगी बढोत्तरी, रेपो रेट 6.5% पर बरकार

by | 6 Oct 2023, 2:49:pm

RBI ने लगातार चौथी बार ब्याज दरों को 6.5% पर जस का तस रखा है। यानी आपकी EMI नहीं बढ़ेगी। RBI गवर्नर शक्तिकांत दास ने आज MPC के फैसलों की जानकारी दी। MPC की मीटिंग 4 अक्टूबर को शुरू हुई थी।

RBI ने फरवरी 2023 में रेपो रेट बढ़ाकर 6.5% की थी। तब से इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। बता दें कि मॉनेटरी पॉलिसी की मीटिंग हर दो महीने में होती है। इस वित्त वर्ष की पहली मीटिंग अप्रैल में हुई थी। वहीं पिछले वित्त वर्ष में रेपो रेट 6 बार में 2.50% बढ़ाई गई थी।

दरों को स्थिर बनाए रखने के पक्ष में थे सभी सदस्य

RBI गवर्नर ने बताया कि MPC के सभी सदस्‍य पॉलिसी दरों को स्थिर बनाए रखने के पक्ष में थे। वहीं गवर्नर ने इस बात पर भी जोर दिया कि महंगाई के खिलाफ लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है और RBI ने महंगाई को 2-6% के बीच नहीं बल्कि 4% पर रखने का लक्ष्य रखा है।

महंगाई से लड़ने का पॉवरफुल टूल रेपो रेट है

RBI के पास रेपो रेट के रूप में महंगाई से लड़ने का एक शक्तिशाली टूल है। जब महंगाई बहुत ज्यादा होती है तो, RBI रेपो रेट बढ़ाकर इकोनॉमी में मनी फ्लो को कम करने की कोशिश करता है। रेपो रेट ज्यादा होगा तो बैंकों को RBI से मिलेने वाला कर्ज महंगा होगा।

बदले में बैंक अपने ग्राहकों के लिए लोन महंगा कर देते हैं। इससे इकोनॉमी में मनी फ्लो कम होता है। मनी फ्लो कम होता है तो डिमांड में कमी आती है और महंगाई घट जाती है।

इसी तरह जब इकोनॉमी बुरे दौर से गुजरती है तो रिकवरी के लिए मनी फ्लो बढ़ाने की जरूरत पड़ती है। ऐसे में RBI रेपो रेट कम कर देता है। इससे बैंकों को RBI से मिलने वाला कर्ज सस्ता हो जाता है और ग्राहकों को भी सस्ती दर पर लोन मिलता है।

इसे उदाहरण से समझते हैं। कोरोना काल में जब इकोनॉमिक एक्टिविटी ठप हो गई थीं तो डिमांड में कमी आई थी। ऐसे में RBI ने ब्याज दरों को कम करके इकोनॉमी में मनी फ्लो को बढ़ाया था।

महंगाई और GDP अनुमान जारी

RBI गवर्नर ने महंगाई अनुमान और GDP अनुमान भी जारी किया। FY24 के लिए महंगाई अनुमान को 5.4% पर बरकरार रखा है। पिछली मीटिंग में इसे 5.1% से बढ़ाकर 5.4% किया था। RBI गवर्नर ने कहा कि सितंबर में महंगाई में कमी आने की उम्‍मीद है।

FY24 में रियल GDP ग्रोथ का अनुमान 6.5% पर बरकरार रखा है। वहीं FY25 की पहली तिमाही के लिए भी रियल GDP अनुमान 6.6% पर बरकरार रखा है। RBI गवर्नर ने कहा कि जियोपॉलिटिकल संकट के चलते ग्लोबल इकोनॉमी में सुस्ती है।

क्या कहते हैं महंगाई के आंकड़े?

  1. अगस्त में रिटेल महंगाई 6.83%

अगस्त महीने में रिटेल महंगाई में गिरावट देखने को मिली थी। ये घटकर 6.83% पर आ गई थी। इससे पहले जुलाई में ये 7.44% रही थी। महंगाई में ये गिरावट सब्जियों के दाम कम होने से आई थी। हालांकि, महंगाई दर अभी भी RBI के 6% की ऊपरी टॉलरेंस लिमिट के पार ही है।

  1. थोक महंगाई दर -0.52% रही थी

अगस्त में थोक महंगाई बढ़कर -0.52% पर पहुंच गई। जुलाई में ये -1.36% रही थी। ये लगातार पांचवां महीना था जब थोक महंगाई निगेटिव रही थी। यानी शून्य से नीचे रही। वहीं अगस्त में खाने पीने की चीजें सस्ती हुई हैं, खाद्य महंगाई 7.75% से घटकर 5.62% हो गई है।

कैसे पड़ता है महंगाई का प्रभाव?

महंगाई का सीधा संबंध पर्चेजिंग पावर से है। उदाहरण के लिए, यदि महंगाई दर 7% है, तो अर्जित किए गए 100 रुपए का मूल्य सिर्फ 93 रुपए होगा। इसलिए, महंगाई को देखते हुए ही निवेश करना चाहिए। नहीं तो आपके पैसे की वैल्यू कम हो जाएगी।

Author

0 Comments

Submit a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisment