नई दिल्ली: कथित शराब घोटाले के मामले में ED अपना शिकंजा लगातार कसते जा रही है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद अब उनके करीबी सहयोगियों पर भी ED की गाज गिर चुकी है।

ED ने विवेक त्यागी, सर्वेश मिश्रा और कंवरबीर सिंह को पूछताछ के लिए समन भेजा। सर्वेश मिश्रा ED दफ्तर पहुंच चुके हैं। जानकारी के मुताबिक ED इन तीनों को संजय सिंह के सामने बिठाकर पूछताछ करेगी।

आप पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह फिलहाल 10 अक्टूबर तक ED की रिमांड पर हैं। ED का दावा है कि संजय सिंह के सहयोगी सर्वेश मिश्रा को दो बार में 2 करोड़ रुपये मिले।

इसके साथ ही संजय सिंह के PA विजय त्यागी को शराब घोटाले के आरोपी अमित अरोड़ा की कंपनी अरालियास हॉस्पिटैलिटी के बिजनेस में हिस्सेदारी दी गई थी।

जानकारी के मुताबिक संजय सिंह की रिमांड मांगते समय ED ने सर्वेश के नाम का भी जिक्र किया था। ED के सूत्रों के मुताबिक संजय सिंह के कहने पर ही सर्वेश मिश्रा को दो बार में 2 करोड़ रुपये मिले।

बता दें कि सर्वेश मिश्रा अन्ना आंदोलन के समय से संजय सिंह के सहयोगी रहे हैं। सर्वेश को आम आदमी पार्टी में प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी दी गई है। सर्वेश सोशल मीडिया पर भी सक्रिया रहते हैं। वे संसद के कामकाज में भी संजय सिंह के लिए अहम भूमिका निभाते हैं।

विवेक त्यागी भी संजय सिंह की टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। विवेक हापुड़ में जिला प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। विवेक भी आंदोलन की शुरुआत से ही संजय सिंह के साथ जुड़े रहे हैं।

5 दिनों की ED रिमांड में संजय सिंह

इससे पहले बृहस्पतिवार को दिल्ली की एक अदालत ने संजय सिंह को पांच दिनों के लिए ED की रिमांड पर भेज दिया। अदालत में जब संजय सिंह के यह पूछा गया कि क्या वह कुछ कहना चाहते हैं, तो राज्यसभा सांसद ने दावा किया कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। आप नेता ने मामले में अब सरकारी गवाह बन गए आरोपी कारोबारी दिनेश अरोड़ा से 2 करोड़ रुपये मिलने के ED के दावे को खारिज करते हुए कहा, “सर, अमित अरोड़ा ने दसियों बयान दिये, दिनेश अरोड़ा ने कई बयान दिये, लेकिन उन्हें मेरा नाम याद नहीं रहा। मैं इतना भी अनजान नहीं हूं कि वे मेरा नाम भूल गये। अब उन्हें अचानक याद आया। कोई अलग कानून नहीं है। मुझे एक बार भी समन नहीं किया गया। मेरे लिए अलग कानून क्यों?”

कई आरोपियों और पूछताथ से संजय का सामना

सुनवाई के दौरान ED ने संजय सिंह की हिरासत की मांग करते हुए कहा कि कई लोगों से पूछताछ और उनका आमना-सामना कराया जाना बाकी है। एजेंसी ने कहा कि वो संजय सिंह के फोन से निकाले गए डेटा को लेकर भी उनसे पूछताछ करना चाहती है। ED ने आरोप लगाया कि संजय सिंह को दो किस्तों में 3 करोड़ रुपये मिले। ED ने कहा, “पैसा उनके आवास पर पहुंचाया गया। दिनेश अरोड़ा ने उनसे (पैसे पहुंचने के बारे) में पूछा, तो उन्होंने (सिंह ने) इसकी पुष्टि की। जांच में पता चला है कि दो करोड़ नकद दिया गया था। कुल 3 करोड़ रुपये दिए गए।’’