श्री राम गौधाम सेवा समिति की तरफ से निकाली गई गौरक्षा जन जागरण यात्रा अयोध्या पहुंची, जिसका स्वागत बड़े ही धूम-धाम से अयोध्यावासियों और गौ-प्रेमियों द्वारा किया गया।

अयोध्या पहुंची इस ऐतिहासिक गौरक्ष जन जागरण गौरथ भारत यात्रा के स्वागत में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी और विहिप के उपाध्यक्ष चंपत राय भी मौजूद रहे।

गौरक्षा जन जागरण पर बोलते हुए चंपत राय ने कहा कि, “ये एक संकल्पित यात्रा है, ये यात्रा जन जागरण नहीं बल्कि एक श्रद्धा जागरण के रूप में जानी जाएगी। गाय के प्रति श्रद्धा जागृति करने का भ्रमण है। TV ने संसार को एक किया मोबाइल ने दोष का निर्माण किया, पूर्वजों के संस्कार और आचार-विचार से हमारी आने वाली पीढ़ी दूर होती जा रही है। फिल्मों ने मानो आग में घी डालने का काम किया है।”

चंपत राय ने कहा कि, “गौरक्षा जन जागरण के माध्यम से लोगों में गाय के प्रति प्रेम और श्रद्धा जगाने का काम निरंतर जारी रहेगा और इसके माध्यम से हम एक बार फिर ये लोगों दिलों में गाय के प्रति श्रद्धाभाव प्रकट करा सकेंगे।”

श्रीराम गौधाम सेवा समिति निराश्रित गौमाता और गौ-वंशों की दशा और दिशा सुधारने के लिए इस ऐतिहासिक जनजागरण भारत यात्रा का शुभारंभ विश्वविख्यात, अनंत विभूषित संत शिरोमणी पद्मविभूषण तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानन्दाचार्या स्वामी रामभद्राचार्य महाराज के आशीर्वाद एवं सान्निध्य में 23 अक्टूबर 2023 से मध्य प्रदेश के शियोपुर जनपद से प्रारंभ किया गया है। ये यात्र मध्य प्रदेश से शुरू होकर उत्तर प्रदेश पहुंची है।

उत्तर प्रदेश के बाद ये यात्रा राजस्थान, हरियाणा , पंजाब, हिमाचल और उत्तराखंड के हरिद्वार में पहुंचेगी। इस यात्रा का समापन महामण्डलेश्वरी सती के सानिध्य में 6 नवंबर को किया जाएगा।

श्रीराम गौ रक्षा समिति तपोवन के संस्थापक श्री जगदीश प्रसाद भट्ट ने कहा कि, “प्रभु श्रीराम की नगरी में इस जन जागरण को सभी संतों का आशीर्वाद मिला है और गौ-माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने का जो संकल्प मिला लेकर इस यात्रा में आए हैं उसे हम संतों के आशीर्वाद से जरूर पूरा करेंगे।”

इस अवसर पर श्रीराम गौ रक्षा समिति तपोवन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे जिसमें प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट, यात्रा संयोजक अनिल कुमार गुप्ता और यात्रा के कार्यक्रम अधिकारी मनीष व्यास सहि कई लोग उपस्थित रहे।